2 साल की उम्र में पिता ने जिसे बेचा, 14 साल तक झेली बंधुआ मजदूरी और दरिंदगी; 4 पर केस दर्ज

2 साल की उम्र में पिता ने जिसे बेचा, 14 साल तक झेली बंधुआ मजदूरी और दरिंदगी; 4 पर केस दर्ज
Spread the love

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना से मानव तस्करी और नाबालिग के शोषण का एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। एक 16 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को अपनी आपबीती बताते हुए आरोप लगाया है कि जब वह महज दो साल की थी, तब उसके नशेड़ी पिता ने उसे एक दंपती को सौंप दिया था। इसके बाद अगले 14 वर्षों तक उसे बंधुआ मजदूरी, बेरहम मारपीट और अंततः जबरन शारीरिक शोषण का नरक झेलना पड़ा, जिससे वह गर्भवती भी हो गई।

नशेड़ी पिता ने महज 2 साल की उम्र में किया सौदा
पीड़िता के अनुसार, उसके पिता मनोज (जिनका दो साल पहले निधन हो चुका है) अत्यधिक नशे के आदी थे। पिता के प्रताड़ना भरे व्यवहार से तंग आकर पीड़िता की मां बहुत पहले ही अपने मायके चली गई थी। मां के जाने के बाद पिता ने अपनी दो साल की मासूम बेटी को हीरा राम और रेखा नामक दंपती के हवाले कर दिया। आरोप है कि इस दंपती ने बच्ची को बंधुआ मजदूर बनाकर रखा और सालों तक उसे जानवरों की तरह पीटते व प्रताड़ित करते रहे।

16 की उम्र में दोबारा बेची गई, दरिंदगी से हुई गर्भवती
नरक का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। जब पीड़िता करीब 16 वर्ष की हुई, तो हीरा राम और रेखा ने मोटी रकम लेकर उसे साहिल और मीना नाम के व्यक्तियों को बेच दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी साहिल ने उसे जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ लगातार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इस दरिंदगी के कारण नाबालिग गर्भवती हो गई और उसने एक बच्चे को जन्म दिया।

दिल्ली में ‘जीरो FIR’ के बाद लुधियाना ट्रांसफर हुआ मामला
किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भागकर पीड़िता अपनी मां के पास पहुंची और सुरक्षित स्थान पर आने के बाद दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। दिल्ली में ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज होने के बाद इस केस को लुधियाना ट्रांसफर किया गया। अब लुधियाना के थाना जमालपुर की पुलिस ने मुख्य आरोपी साहिल, मीना, हीरा राम और रेखा के खिलाफ अपहरण, मानव तस्करी, मारपीट और जबरन शारीरिक संबंध बनाने जैसी संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी साहिल और उसके साथी अब भी उसका पीछा कर रहे हैं और शिकायत वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।

Anita Amoli

Related articles