तीन साल के प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत, शादी से बचने के लिए प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या

तीन साल के प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत, शादी से बचने के लिए प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या
Spread the love

बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र में तीन साल पुराने प्रेम प्रसंग का बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला अंत सामने आया है। एक १९ वर्षीय युवक जुगेंद्र ने अपनी नाबालिग प्रेमिका से पीछा छुड़ाने के लिए गला घोंटकर उसकी बेरहमी से हत्या कर डाली। इस वारदात में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि हत्या जैसे जघन्य अपराध को अंजाम देने के बाद भी आरोपी के चेहरे पर कोई शिकन या पछतावा नहीं दिखा। गिरफ्तारी के बाद वह बिल्सी थाने की हवालात में आराम से टहलता और आने-जाने वालों से सामान्य बात करता नजर आया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी जुगेंद्र ने बताया कि वह और १७ वर्षीय मृतका पिछले तीन साल से प्रेम संबंध में थे। जुगेंद्र उससे शादी करना चाहता था, लेकिन दोनों के परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे। इस बीच जुगेंद्र के परिजनों ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी, जिसके लिए उसने रजामंदी दे दी थी। इस बात की भनक लगते ही उसकी नाबालिग प्रेमिका लगातार उससे विरोध और झगड़ा कर रही थी।

शनिवार को जब पीड़िता की मां घर पर नहीं थी, तो वह अपने भाई-बहन के स्कूल से टीसी (Transfer Certificate) लेने की बात कहकर घर से निकली थी। रास्ते में जुगेंद्र उसे मिला और दोनों पास के एक मक्के के खेत में चले गए। वहां दोबारा शादी की बात पर विवाद बढ़ने पर जुगेंद्र ने पीछा छुड़ाने की नीयत से किशोरी का गला घोंट दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी काफी देर तक खेत में शव के पास ही बैठा रहा। इसके बाद वह घर चला गया और लाश को ठिकाने लगाने की योजना बनाने लगा। देर शाम वह दोबारा शव की स्थिति देखने खेत पहुंचा, जहां पीड़िता के परिजनों ने उसे संदिग्ध हालत में देख लिया। शक होने पर जब खोजबीन की गई, तो रात करीब साढ़े दस बजे हत्या का खुलासा हुआ।

बिल्सी इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने पुष्टि की है कि हत्या सुबह के वक्त ही कर दी गई थी। उधर, एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया द्वारा मीडिया को दी गई बाइट में घटनास्थल को ‘गन्ने का खेत’ बताने से कुछ समय के लिए भ्रम की स्थिति बनी रही, जबकि शव ‘मक्के के खेत’ से बरामद हुआ था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Anita Amoli

Related articles