एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, हथियारों संग पकड़े गए गोदारा गैंग के दो बदमाश

एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, हथियारों संग पकड़े गए गोदारा गैंग के दो बदमाश
Spread the love

अंबाला – हरियाणा एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी रोहित गोदारा गैंग से जुड़े दो शार्प शूटरों को हथियारों समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी अंबाला कैंट की शास्त्री कॉलोनी के पास नेशनल हाईवे-44 पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे और टारगेट संबंधी निर्देशों का इंतजार कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आगरा निवासी भूपेंद्र सिंह उर्फ थापा और राजस्थान के भरतपुर निवासी नितिन उर्फ जट्टा के रूप में हुई है। एसटीएफ ने इनके कब्जे से एक विदेशी मार्का पिस्टल, दो मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दोनों को गैंगस्टर रोहित गोदारा और उसके सहयोगियों ने हथियार देकर अंबाला भेजा था।

जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपियों को टारगेट की जानकारी मौके पर पहुंचने के बाद दी जानी थी। एसटीएफ का मानना है कि समय रहते गिरफ्तारी से संभावित टारगेट किलिंग को टाल दिया गया। फिलहाल पुलिस रिमांड लेकर यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि इनके निशाने पर कौन था और स्थानीय स्तर पर इन्हें कौन मदद पहुंचा रहा था। मामले में संगठित अपराध और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है।

Anita Amoli