दिल्ली में वायु गुणवत्ता फिर बेकाबू, कई इलाकों में एक्यूआई ‘गंभीर’ स्तर पर पहुंचा

दिल्ली में वायु गुणवत्ता फिर बेकाबू, कई इलाकों में एक्यूआई ‘गंभीर’ स्तर पर पहुंचा
Spread the love

Delhi Air Pollution : राजधानी दिल्ली में हवा की गुणवत्ता एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई है। शनिवार रात से बढ़ा प्रदूषण रविवार सुबह नए रिकॉर्ड छूते दिखा, जिससे दिल्ली-एनसीआर के कई क्षेत्रों में स्मॉग की मोटी परत छा गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, कई इलाकों में एक्यूआई 440 के पार दर्ज किया गया, जो सीधे ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।

दिल्ली के गाजीपुर में एक्यूआई 441

गाजीपुर इलाके में रविवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 441 दर्ज किया गया। इस गंभीर प्रदूषण स्तर के कारण क्षेत्र में दृश्यता प्रभावित हुई और सुबह के समय स्मॉग की मोटी चादर फैली रही। विशेषज्ञों ने इसे स्वास्थ्य के लिए बेहद जोखिमभरा बताते हुए लोगों को बाहर कम निकलने और आवश्यकतानुसार मास्क का उपयोग करने की सलाह दी है।

फरीदाबाद में कुछ राहत, लेकिन खतरा बरकरार

दिल्ली से सटे फरीदाबाद में प्रदूषण का स्तर तुलनात्मक रूप से थोड़ा कम जरूर रहा, लेकिन स्थिति अब भी चिंताजनक है।

एनआईटी – 266 (गंभीर)

सेक्टर 11 – 245 (खराब)

सेक्टर 30 – 205 (मध्यम से खराब)

यहां पीएम 2.5 और पीएम 10 मुख्य प्रदूषक बने हुए हैं। विशेषज्ञों ने बच्चों और बुजुर्गों को घर के अंदर रहने और भारी शारीरिक गतिविधियों से बचने की सलाह दी है।

वायु प्रदूषण ‘गंभीर’ स्तर पर क्यों खतरनाक?

एक्यूआई 401–500 के बीच होने पर इसे ‘गंभीर’ श्रेणी माना जाता है। इस स्तर पर प्रदूषण होने के कारण सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन, गले में खराश, दमा और हृदय रोगियों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो जाता है। साथ ही स्मॉग के कारण दृश्यता घट जाती है, जिससे सड़क और उड़ान सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है।

दिल्ली-एनसीआर में हवा का हाल

रविवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 391 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। शनिवार की तुलना में इसमें 21 अंकों की बढ़ोतरी देखी गई।

एनसीआर के प्रमुख शहरों का एक्यूआई

गाजियाबाद – 437 (गंभीर)

दिल्ली – 391 (बहुत खराब)

फरीदाबाद – 237 (खराब)

किससे कितना प्रदूषण? – आधिकारिक अनुमान

दिल्ली की ‘निर्णय सहायता प्रणाली’ के अनुसार रविवार को प्रदूषण में क्षेत्रों की हिस्सेदारी~

वाहन प्रदूषण – 18.45%

पराली का धुआं – 2.47%

निर्माण गतिविधियां – 2.72%

आवासीय क्षेत्रों का उत्सर्जन – 4.63%

सीपीसीबी के मुताबिक दोपहर 3 बजे पीएम10 का स्तर 373.3 μg/m³ और पीएम2.5 215.8 μg/m³ तक पहुंच गया। विशेषज्ञों ने अगले 48 घंटों तक हवा बेहद खराब रहने की आशंका जताई है।

दिल्ली के प्रमुख इलाकों में एक्यूआई

वजीरपुर – 459

विवेक विहार – 457

रोहिणी – 453

जहांगीरपुरी – 448

बवाना – 443

आनंद विहार – 438

अशोक विहार – 433

नरेला – 424

मुंडका – 422

सोनिया विहार – 422

पंजाबी बाग – 421

Anita Amoli

Related articles