ड्यूटी पर सो गया सिपाही, जेब से चाबी निकालकर हवालात से भागा 50 हजार का इनामी अपराधी

ड्यूटी पर सो गया सिपाही, जेब से चाबी निकालकर हवालात से भागा 50 हजार का इनामी अपराधी
Spread the love

गाजीपुर (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ शहर कोतवाली के हवालात में बंद 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी सोनू मुसहर गुरुवार रात पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। शातिर अपराधी ने हवालात के पास सो रहे संतरी (सिपाही) की जेब से चाबी निकालकर ताला खोला और आसानी से रफूचक्कर हो गया। इस लापरवाही ने जिला पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, गहमर के मनिया निवासी सोनू मुसहर को गहमर पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उसे स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के हवाले किया गया था। एसओजी द्वारा आवश्यक पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को शहर कोतवाली पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया था, जहां उसे हवालात में रखा गया। रात के समय वहां साल 2025 बैच के एक सिपाही की ड्यूटी लगी थी। देर रात सिपाही को नींद आ गई और वह हवालात के पास ही सो गया, जिसका फायदा उठाकर शातिर अपराधी ने उसकी जेब से चाबी चुरा ली।

50 हजार रुपये के इनामी बदमाश के इस तरह भाग निकलने से पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा दावों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अभी इस मामले पर कुछ भी खुलकर बोलने से बच रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना की गंभीरता को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात लापरवाह सिपाही के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। फरार सोनू मुसहर को दोबारा पकड़ने के लिए पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी गई है और एसओजी सहित पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं।

Anita Amoli